
पधर (मंडी)। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में मंडी से पधर शिफ्ट किए गए लोक निर्माण विभाग मंडल कार्यालय को अस्थाई तौर पर द्रंग के ओबीसी छात्रावास भवन में शिफ्ट करने के फरमान आने से पहले ही विरोध शुरू हो गया है।
स्थानीय जिला परिषद के सदस्य कैप्टन हेम सिंह, डलाह की प्रधान शांती देवी, उपप्रधान दलीप ठाकुर, व्यापार मंडल के अध्यक्ष लाभ सिंह ठाकुर, सचिव दिनेश कुमार, कोषाध्यक्ष दुनी चंद सहित व्यापारी चैना राम शर्मा, लेख राज शर्मा, किसान यूनियन के नेता बालक राम ठाकुर ने लोनिवि मंडल कार्यालय को अस्थाई तौर पर द्रंग शिफ्ट करने कड़ा विरोध किया है। कैप्टन हेम सिंह और लाभ सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व धूमल सरकार ने मंडल कार्यालय को पधर में मंजूरी प्रदान कर लोगों की सुविधा के लिए इसे तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने पधर में स्थापित करवाया था। इस कार्यालय को भवन के अभाव में द्रंग शिफ्ट किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पधर के पास जिस भूमि का मंडल कार्यालय भवन के निर्माण को चयन किया है, उसे विभाग के नाम स्थानांतरित कर बजट मुहैया करवाया जाए।
नहीं शिफ्ट किया जा रहा कार्यालय
अधिशासी अभियंता एनके शर्मा ने कहा कि जिस स्थान पर कार्यालय चल रहा है, वहां पर अस्पताल का भवन बनना है। मंडल कार्यालय के लिए भूमि चयन और द्रंग में बनी ट्राइबल होस्टल बिल्डिंग में अस्थाई तौर पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। मंडल कार्यालय को शिफ्ट करने के कोई आदेश नहीं है।
