
रुद्रपुर। दो अलग-अलग सड़क हादसों में ठेकेदार और किच्छा के कपड़ा व्यवसायी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्राम मुकरौली (जाहनाबाद) यूपी निवासी 32 वर्षीय सुरेंद्र कुमार गंगापुर रोड स्थित विजय लक्ष्मी एंक्लेव में परिवार सहित रहता है। वह सिडकुल स्थित कुशलवा इंटरनेशनल लिमिटेड में लेबर सप्लाई का ठेकेदार था। बीती रात सुरेंद्र बाइक पर सिडकुल से वापस घर लौट रहा था। तभी गंगापुर मोड पर अनियंत्रित कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे सुरेंद्र गंभीर रुप से घायल हो गया। आस-पास के लोग घायल को जिला अस्पताल लाए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी सीमा और सात वर्षीय पुत्र जय व पांच वर्षीय पुत्री खुशी हैं। उधर, मंगलवार दोपहर किच्छा के कपड़ा व्यवसायी 70 वर्षीय मोहन लाल चावला स्कूटी से रिश्तेदारी में जाफरपुर जा रहे थे। इस बीच दानपुर में अनियंत्रित कैंटर ने उनकी स्कूटी पर टक्कर मार दी। दुर्घटना में मोहन लाल की मौके पर मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कैंटर को कब्जे में लिया और गदरपुर कोतवाली ले गए। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
