
रुद्रपुर। प्याज की कालाबाजारी रोकने को मंडी समिति वाहनों के जरिए कालोनियों में 40 रुपये प्रति किलो के हिसाब से प्याज उपलब्ध करा रही है। पहले दिन 30 क्विंटल प्याज बेचा गया।
मंगलवार को मंडी समिति बगवाड़ा के सभापति बल्देवराज छाबड़ा ने प्याज भरे वाहनों को ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के लिए रवाना किया। छाबड़ा ने बताया कि प्याज की कालाबाजारी रोकने के लिए जनता को 40 रुपये प्रति किलो के हिसाब से प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। मंडी समिति सचिव विश्वविजय सिंह देव ने बताया कि फुटकर बाजार में प्याज 80-90 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। कीमतों में अंकुश लगाने के लिए समिति घर-घर सस्ते दर पर प्याज उपलब्ध करा रही है। इसके लिए थोक व्यापारियों से भी विचार विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्याज की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बताया कि समिति ने ढाई-ढाई किलो का पैकेट बना रखे हैं। जिसकी कीमत 100 रुपये रखी है। पहले दिन 30 क्विंटल प्याज की बिक्री हुई। इस मौके पर समिति के उपसभापति जसविंदर पाल सिंह, सदस्य सुरेंद्र नरुला, चंद्रविजय सागर, हरीश, राजीव मिड्ढा, मोहन सिंह भंडारी, महेंद्र पारल आर्य, हरीश चंद्र पांडे, भुवन चंद्र पांडे, सौरभ डंगवाल आदि मौजूद थे।
