फार्मेसिस्टों का तीन घंटे का कार्य बहिष्कार शुरू

अल्मोड़ा/बागेश्वर। सेवा नियमावली बनाने समेत 21 सूत्रीय मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर जिले के सरकारी अस्पतालों के फार्मेसिस्टों ने मंगलवार से तीन घंटे का कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। आज सुबह 11 से दो बजे तक फार्मेसिस्टों ने काम नहीं किया। इस कारण अस्पतालों में औषधि वितरण और इंजेक्शन लगाने का काम प्रभावित हुआ। इससे रोगियों को दिक्कतें हुई।
जिला अस्पताल, बेस अस्पताल, महिला अस्पताल समेत जिले के अन्य क्षेत्रों में स्थित सरकारी अस्पतालों के फार्मेसिस्ट मंगलवार को सुबह 11 से दो बजे तक तीन घंटे कार्य बहिष्कार पर रहे। उन्होंने एक नवंबर से एक शिफ्ट में ड्यूटी करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो 10 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष एनएस राणा, सचिव एमसी अधिकारी, एमएस बगडवाल, आरएस भोज, अशोक कुमार पांडे, हरीश कर्नाटक, प्रदीप चंद, जीसी जोशी, केएस बिष्ट, आरके कर्नाटक, एमएस किरौला, गोकुल सिंह मेहता, पीए कठायत, जीसी तिवारी आदि मौजूद थे।
बागेश्वर में मांगें पूरी न होने से आंदोलित डिप्लोमा फार्मेसिस्टों ने मंगलवार को तीन घंटे का कार्य बहिष्कार कर 12 बजे मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय बिलौना में धरना शुरू कर दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष पीएस शाही, केवलानंद धौनी, प्रियंका वर्मा, महिपाल कर्म्याल, राजेश आर्या, कमलेश, अनिल मेहरा, जगदीश टम्टा, डीएस देवली, शबाना अंसारी, रतन नाथ, जीएस फर्स्वाण आदि मौजूद थे।

Related posts