
सुंदरनगर (मंडी)। भाजपा के सुंदरनगर जिला के अध्यक्ष राकेश जंबाल ने प्रदेश की वीरभद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह रात के अंधेरे में सरकार ने धर्मशाला, नादौन और शिमला के स्टेडियमों तथा खेल
अकादमियों पर कब्जा किया है वह निंदनीय है। सरकार की इस कार्यवाई से जहां प्रदेश के हजारों खेल प्रेमियों का दिल टूटा है वहीं क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ियों में भी सरकार के प्रति रोष है। जंबाल ने कहा कि जब से प्रदेश में वीरभद्र सिंह मुख्यमंत्री बने है वह बदला बदली की भावना से काम कर रहे हैं।
सरकार ने अपने दस माह का पूरा कार्यकाल पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सांसद तथा हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के खिलाफ साजिश रचने और झूठा केस बनाने में लगाया है। कहा वीरभद्र सिंह तानाशाही और रजवाड़ाशाही को अपनाकर पहले ही मुख्यमंत्री के पद की गरिमा को धूमिल कर चुके हैं। जनता कांग्रेस को सत्ता में लाकर आज पछता रही है। आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को प्रदेश की चारों सीटें जीताकर सरकार को इसका जवाब देगी। प्रदेश भाजयुमो के सचिव नरेंद्र भंडारी ने भी एचपीसीए के खेल मैदानों की लीज को रद कर उन पर सरकार द्वारा कब्जा जमाने की कार्यवाई की निंदा की है।
