
पांगी (चंबा)। पांगी घाटी की ग्राम पंचायत चलोली के चलोली गांव में सोमवार को आग लगने से दो मंजिला मकान राख हो गया है। मकान में रखा अनाज व पशुचारा भी जलकर राख हो गया है। चलोली गांव के बोधराज पुत्र बजीर चंद के घर के समीप बने दूसरे मकान में सोमवार देर शाम अचानक आग लग गई। अग्निकांड में चार कमरे जल गए और मकान में रखा मकान भी जलकर राख हो गया है। उस समय मकान में कोई नहीं था। अचानक लगी आग ने पूरे मकान को स्वाह कर दिया। पांगी के पूर्व बीडीसी चेयरमैन भानी चंद ठाकुर, योगराज व स्थानीय लोगों ने बताया कि अग्निकांड से स्थानीय परिवार को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन व सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवार को पशुचारा व अनाज मुहैया करवाया जाए।
तहसीलदार पांगी सुमेध शर्मा ने मंगलवार को मौके का जायजा लिया और प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। उन्होंने पटवारी को नुकसान का आकलन करने के आदेश दिए हैं।
