
मैहला (चंबा)। चंबा-बतोट बाया मैहला रूट पर चलने वाली निगम की बस में स्कूली बच्चों को नहीं चढ़ाया जा रहा है। इस कारण बच्चों को काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पंचायत उपप्रधान मनोज जसरोटिया, किशन चंद, सुशील जोगा, रोशन लाल, कुंदन लाल, मोहिनी व दिनेश कुमार ने बताया कि यह बस तीन बजे चंबा बस स्टैंड से चलती है और पौने चार बजे के करीब मैहला पहुंचती है, लेकिन रास्ते में इस बस को नहीं रोका जा रहा है। यह सिलसिला दो तीन महीनों से चल रहा है। इससे स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनके बच्चे पढ़ने के लिए डीएवी स्कूल हरदासपुरा जाते हैं और घर पहुंचने के लिए यह बस उनके लिए उपयुक्त है, लेकिन चालक परिचालकों द्वारा बस को नहीं रोका जा रहा है। इस कारण बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने परिवहन निगम से मांग की है कि स्कूली बच्चों के लिए बस को रोका जाए।
