
सैंज (कुल्लू)। पार्वती परियोजना-3 की टनल से लीकेज का पानी थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसे साथ लगते सपागणी गांव को खतरा पैदा हो गया है। लोगों को पहाड़ी खिसकने का भी डर सताने लगा है। ऐसे में ग्रामीण रात को चैन की नींद भी नहीं सो पा रहे हैं। टनल के लीक होने के बाद स्थानीय विधायक कर्ण सिंह ने गांव का दौरा कर स्थिती का जायजा लिया व एनएचपीसी को आडे़ हाथों लिया। रोजाना बढ़ रहे टनल के लीकेज को देख विधायक कर्ण सिंह ने एनएचपीसी को निर्देश दिए कि गांवों के विस्थापितों को उनकी जमीनों व घरों का मुआवजा दें। उधर, एनएसपीसी के चीफ इंजीनियर साहनी ने भी माना है कि गांवों को मुआवजा देकर विस्थापित किया जा सकता है। इसका जल्द नक्शा तैयार किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस सेवादल के जिला महामंत्री घनश्याम गौतम ने कहा कि पानी के तेज बहाव से पहाड़ी खिसकने का डर है, जिससे सपागणी, पारली सपागणी व तलाड़ा गांव को खतरा हो सकता है। उन्होंने एनएचपीसी से गांवों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। एनएचपीसी-3 के महाप्रबंधक ओम प्रकाश ने बताया कि जो लोग विस्थापित हैं और उठना चाहते हैं वे अपने दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे, ताकि मुआवजे का जल्द प्रावधान किया जा सके। घनश्याम गौतम ने बताया कि विधायक कर्ण सिंह ने मौके का जायजा लिया है। इस मौके पर बंजार बीसीसी महामंत्री मोती राम पालसरा, तेजा सिंह, गांववासी डोला सिंह, मोहन लाल, नेस राम, गिरधारी लाल, निमे राम, धनवंत सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
