दहशत में था पटना और ‘रज्जो’ का म्यूजिक लांच कर रहे थे शिंदे

दहशत में था पटना और ‘रज्जो’ का म्यूजिक लांच कर रहे थे शिंदे

मुंबई: पटना में रविवार को हुए सीरियल ब्लास्ट्स के बाद देश के गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे अपने रवैये के कारण विवादों में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल, जब पटना में सीरियल ब्लास्ट हुए तो वह एक फिल्म के म्यूजिक लांच की पार्टी में मशगूल थे। शिंदे कंगना की फिल्म ‘रज्जो’ का म्यूजिक लांच करने पहुंचे थे और हैरान करने वाली बात तो यह है कि धमाकों के घंटों बाद जब उन्होंने मीडिया से इस बारे में बातचीत की तो उस वक्त भी उनके पास वारदात की पूरी जानकारी नहीं थी। घटना पर उनका रवैया पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल की याद ताजा कर गया।

इस बीच जब मीडिया ने उनसे ब्लास्ट के बारे में सवाल पूछे तो उन्होंने कहा कि म्यूजिक डॉयरेक्टर उनके दोस्त हैं इसलिए वह यहां आए हैं। यही नहीं शिंदे तो कार्यक्रम में सही समय पर पहुंच गए लेकिन फिल्म की अभिनेत्री कंगना ने उन्हें 40 मिनट का इंतजार करवाया। जिसके बाद मीडिया में इस मामले ने तूल पकड़ लिया।

गौरतलब है कि कल प्रधानमंत्री पद के भाजपा उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘हुंकार रैली’ से पहले पटना में सीरियल ब्लास्ट्स हुए जिनमें 5 लोगों की मौत हो गई और 83 से अधिक घायल हो गए।

Related posts