धोखा! डुप्लीकेट प्रवेश पत्र पर नहीं देने दी परीक्षा

रविवार को देहरादून के तकरीबन 40 परीक्षा केन्द्रो पर रेलवे रिक्रूटमेंट सेल द्वारा आयोजित ग्रुप B की परीक्षा में छात्रों को नहीं बैठने दिया गया। इससे परेशान छात्रों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर बवाल खड़ा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को रेलवे रिक्रूटमेंट सेल द्वारा ग्रुप B की परीक्षा देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए देहरादून में भी 40 स्‍थानों पर परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे।

परीक्षा में नहीं बैठने दिया गया
रविवार को जब छात्र इन परीक्षा केन्द्रो पर परीक्षा देने के लिए पहुंचे तो उन्हें परीक्षा केन्द्र से यह कहकर भगा दिया गया कि डुप्लीकेट प्रवेश पत्र के आधार पर छात्रों को परीक्षा में नहीं बैठने दिया जा सकता है।

दूसरी ओर छात्रों का कहना है कि प्रवेश पत्र पर साफ तौर पर लिखा है कि यदि समय पर ओरिजनल प्रवेश पत्र नहीं पहुंचता हे तो छात्र रेलवे की वेबसाइट से मिले डुप्लीकेट प्रवेश पत्र के आधार पर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। छात्रों में इस बात को लेकर भी रोष है कि रेलवे की गलतियों को खामियाजा आम छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।

अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी
छात्रों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर अधिकारियों से भी बात करनी चाही लेकिन रेलवे के अधिकारियों ने भी छात्रों की समस्या को कोई हल नही निकाला। इससे गुस्साए छात्रों ने दून रेलवे स्टेशन पर ही रेलवे के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरु कर दी। अभी भी रेलवे स्टेशन पर छात्र डटे हुए हैं।

परीक्षा देने से वंचित रह गए छात्रों में अधिकांश बाहरी राज्यों से हैं। गोरखपुर से परीक्षा देने आए एक छात्र ने बताया कि रेलवे के द्वारा उन्हे समय पर प्रवेश पत्र नहीं भेजा गया जिसके कारण वह डुप्लीकेट प्रवेश पत्र के सहारे ही परीक्षा देने के लिए पहुंच गए, लेकिन उन्हें परीक्षा में नहीं बैठने दिया गया।

Related posts