युवा गतिविधियों में खर्च होंगे 5.14 लाख

पिथौरागढ़। नेहरू युवा केंद्र सलाहकार समिति की बैठक में वार्षिक कार्ययोजना के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। युवाओं के बीच सालभर में कई कार्यक्रम होंगे। इस पर 5.14 लाख रुपये खर्च होंगे।
बैठक में नेहरू युवा केंद्र के भवन निर्माण के लिए जमीन के चयन पर चर्चा की गई। अन्य विभागों के साथ मिलकर संचालित होने वाली गतिविधियों का ब्योरा सामने रखा गया। नेहरू युवा केंद्र सभी विकास खंडों में कार्यक्रम संचालित करेगा। वार्षिक कार्ययोजना में कई मदें तय की गई हैं। युवा क्लब विकास कार्यक्रम के लिए 60000 रुपये रखे गए हैं। युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास पर एक लाख दस हजार रुपये, जागरूकता कार्यक्रम पर 88000 रुपये, युवा क्लबों के लिए खेल सामग्री पर 40000 रुपये, कला तथा संस्कृति संवर्धन पर 20000 रुपये, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय दिवस पर 40000 रुपये, जिला युवा सम्मेलन के लिए 30000 रुपये, जिला युवा क्लब पुरस्कार के लिए 10000 रुपये, जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति की बैठकों के लिए 2000 रुपये रखे गए हैं। इसके अलावा महिलाओं के लिए दक्षता विकास प्रशिक्षण में एक लाख 14 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
जिला युवा समन्वयक जेपी आर्य ने पूरी रूपरेखा सामने रखी। बैठक की अध्यक्षता परियोजना निदेशक नरेश कुमार ने की। बैठक में समिति के सदस्य धीरेंद्र चौहान, उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सदन लाल, लीड बैंक मैनेजर सीएस रावत, एनएसएस प्रभारी जगमोहन नेगी, युवा कल्याण अधिकारी एनके द्विवेदी, कर्नल एसपी गुलेरिया, क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय के भूपेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।

Related posts