जलवाहकों को दो माह से वेतन नहीं

नौहराधार (सिरमौर)। शिक्षा खंड नौहराधार के तहत 90 स्कूलों में तैनात जलवाहकों को बीते दो माह से पगार नहीं मिल पाई है। विभागीय लापरवाही के कारण निम्न पगार पाने वाले कर्मचारी फिलहाल पाई पाई के लिए मोहताज हो गए हैं। वेतनमान नहीं मिलने से यह जलवाहक भारी परेशानी झेल रहे हैं। जलवाहकों ने सरकार तथा विभाग से गुहार लगाई है कि उन्हें दीवाली से पूर्व तत्काल वेतन दिया जाए।
नौहराधार क्षेत्र में दीपावली का त्यौहार धूमधाम से मनाया जाता है। मगर बीते दो माह से वेतन नहीं मिलने के चलते क्षेत्र के 90 जलवाहकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वर्तमान में 51 दैनिक भोगी जलवाहकों तथा 40 के करीब पार्ट टाइम जलवाहकों को 2 माह से वेतन नहीं मिला है।
उधर नौहरा जलवाहक संघ इकाई के प्रधान सुरेंद्र सिंह पुंडीर, ओमीचंद, सतपाल, विनोद, सावित्री, सुमन, रण सिंह, गीताराम, जोगेंद्र सिंह आदि का कहना है कि सितंबर तथा अक्तूबर माह का वेतन उन्हें अभी तक प्रदान नहीं किया गया है जिसके चलते उन्हें अपने परिवार का भरण पोषण करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बारे शिक्षा खंड अधिकारी नौहराधार रविंद्र चौहान ने बताया कि जलवाहकों के लिए जो बजट प्रावधान तैयार किया गया है उसमें अभी सरकार की ओर से पारित बजट का पैसा नहीं डाला गया है। बजट का प्रावधान होते ही जलवाहकों को पूरा वेतन प्रदान कर दिया जाएगा।

Related posts