
शिमला। राज्य सहकारी बैंक हजारों ग्राहकों के बैंक अकाउंट फ्रीज करने जा रहा है। अपने ग्राहक को जानें (केवाईसी) फार्म को नहीं भरने वाले ग्राहकों पर शिकंजा कसा जाएगा। भारतीय रिजर्व बैंक के आदेश पर बैंक प्रबंधन यह कार्रवाई करने जा रहा है। अकाउंट बंद होने पर ग्राहक खाते से पैसा निकालने और डालने का काम नहीं कर सकेगा। बैंक अकाउंट चालू करवाने के लिए ग्राहक को अपना पहचान पत्र और घर के पते का प्रमाण देना होगा।
अपर शिमला की शाखाओं में कई ग्राहकों ने केवाईसी फार्म बैंक में जमा नहीं करवाए हैं। बैंक ने सभी ग्राहकों को इसके बारे में कई बार सूचित किया है। स्थानीय शाखाओं के प्रतिनिधि भी व्यक्तिगत तौर पर ग्राहकों को जागरूक कर चुके हैं। इसके बावजूद कई ग्राहक औपचारिकताएं पूरी नहीं कर रहे हैं। ऐसे ग्राहकों पर बैंक प्रबंधन अब कार्रवाई करने जा रहा है। सहकारी बैंक के माल रोड स्थित मुख्य कार्यालय में सभी शाखाओं से केवाईसी फार्म नहीं भरने वाले ग्राहकों का डाटा तलब किया गया है। कई शाखाओं का रिकॉर्ड प्रबंधन के पास पहुंच भी गया है। बैंक अधिकारी बैंक खातों की गणना में जुटे हैं। औपचारिकताएं पूरी नहीं करने वाले ग्राहकों का आंकड़ा हजारों में बताया जा रहा है।
इनसेट…
आज चार जिलों में खुली रहेंगी बैंक शाखाएं
अपने ग्राहकों की सुविधा के लिए बैंक प्रबंधन ने रविवार को चार जिलों शिमला, चंबा, सिरमौर और किन्नौर में बैंक शाखाएं खोले रखने का फैसला लिया है। रविवार को ग्राहक बैंक पहुंच कर औपचारिकताएं पूरी कर सकते हैं।
ग्राहकों को यह औपचारिकताएं करनी होंगी पूरी
बैंक खाता चालू रहे इसके लिए ग्राहकों को पहचान पत्र और घर के पते का प्रमाण देना होगा। पहचान पत्र के तौर पर ग्राहक पासपोर्ट, वोटर आई कार्ड, पैन कार्ड, सरकारी आई कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस दे सकते हैं। घर के पते के प्रमाण के तौर पर राशन कार्ड, बिजली बिल, टेलीफोन बिल और किसी अन्य बैंक की बैंक स्टेटमेंट दे सकते हैं।
कैश ट्रांसफर योजना से जुड़ने का दिया मौका
डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना से जुड़ कर गैस सब्सिडी प्राप्त करने के लिए भी ग्राहकों को बैंक में अपना आधार कार्ड नंबर देना होगा। सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद ही ग्राहकों के बैंक खातों में गैस सब्सिडी की राशि वापस लौटाई जाएगी।
ग्राहकों से सहयोग की अपील
बैंक के प्रबंध निदेशक अमित कश्यप ने सभी ग्राहकों को समय रहते औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि रविवार को इसी काम को निपटाने के लिए शाखाएं खुली रखी जा रही हैं।
