
चंबा। बिजली बोर्ड की फ्लाइंग स्कवायड की टीम ने जिला के विभिन्न स्थानों में औचक निरीक्षण कर बोर्ड के नियमों की अवहेलना करने वालों पर शिकंजा कस दिया है। टीम ने भरमौर और चंबा में छह स्थानों पर बिजली कनेक्शन को लेकर गड़बड़ियां पाई हैं। टीम ने भरमौर क्षेत्र के तीन बिजली उपभोक्ताओं के यहां मनमर्जी से बिजली का लोड बढ़ाने की अनियमितता पाई है। इसके चलते इन उपभोक्ताओं को पेनल्टी भरनी पड़ेगी। शहर के साथ लगते बालू में भी एक होटल में टीम ने बिजली कनेक्शन में गड़बड़ी पाई है। इन उपभोक्ताओं को जल्द टीम की ओर से तय की जाने वाली पेनल्टी राशि जमा करवानी होगी।
बिजली बोर्ड के एसडीओ पवन कुमार शर्मा ने बताया कि जल्द ही इन उपभोक्ताओं से पेनल्टी राशि वसूली जाएगी। उपभोक्ता अपने मीटर को सिंगल से थ्री फेस करवाने के लिए बिजली बोर्ड के कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर बिजली बोर्ड उपभोक्ताओं को मीटर का कनेक्शन प्रदान करता है। उपभोक्ता बिजली बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों से बिजली लोड बढ़ने के बारे में संपर्क कर सकते हैं
