इलाज करवाने आई महिला से छेड़छाड़

नूरपुर (कांगड़ा)। क्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज करवाने आई एक महिला से अस्पताल स्टाफ कर्मचारी ने छेड़छाड़ कर दी। पुलिस जानकारी के मुताबिक महिला की माता ने नूरपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी बेटी पत्थरी की बीमारी से ग्रस्त थी। जिसके चलते उसे उपचार के लिए 23 अक्तूबर को नूरपुर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां उसका आपरेशन किया गया। पीड़िता की माता ने आरोप लगाया है कि 25 अक्तूबर की रात करीब 2 बजे अस्पताल में उसकी बेटी सो रही थी, तब उक्त अस्पताल के एक कर्मचारी ने उसके साथ अश्लील हरकतें की। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसने उस कर्मचारी को लड़की के साथ छेड़खानी करते हुए देखा तो उसने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन, कर्मचारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उल्टा उस पर धौंस जमाने लग पड़ा। उस वक्त अस्पताल में उसका दामाद भी मौजूद था। जब उन दोनों ने शोर मचाया तो अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात बाकी का स्टाफ भी वहां आ गया और उन्होंने उक्त स्टाफ कर्मचारी को बाहर निकाला। नूरपुर पुलिस ने पीड़िता की माता की शिकायत पर आईपीसी की धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उधर, नूरपुर थाने के एसएचओ बृज मोहन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts