
रोहडू। डायरेक्ट ट्रांसफर इन कैश सब्सिडी योजना के तहत लिंकेज फार्म भरने में उपभोक्ता रुचि नहीं दिखा रहे हैं। हालांकि विभाग ने गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए लिंकेज फार्म भरने की अंतिम तिथि 30 नवंबर तय की है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग रोहडू कार्यालय के तहत आती चार गैस एजेंसियाें में कुल 52,148 उपभोक्ता हैं। इनमें से मात्र 7250 उपभोक्ताओं ने ही अपने लिंकेज फार्म भरे हैं।
लिंकेज फार्म भरने के बाद ही गैस सब्सिडी सीधे उपभोक्ता के खाते में जाएगी। उपभोक्ताओं के लिए फार्म भरने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। रोहडू गैस एजेंसी में कुल 24,214 उपभोक्ताओं में से मात्र 2600 उपभोक्ताओं ने ही लिंकेज फार्म भरे हैं। जुब्बल गैस एजेंसी में कुल 8241 उपभोक्ताओं में से मात्र 2300 उपभोक्ताओं ने ही अपने लिंकेज फार्म भरे हैं। चिड़गांव गैस एजेंसी में 9058 उपभोक्ता हैं। जिसमें से मात्र 1230 उपभोक्ताओं ने ही फार्म भरे हैं। चौपाल गैस एजेंसी में कुल 10,635 उपभोक्ताओं में से मात्र 1120 ने ही अपने लिंकेज फार्म भरे हैं। अगर उपभोक्ता 30 नवंबर से पहले अपने लिंकेज फार्म नहीं भरते हैं, तो दिसंबर माह से बिना अनुदान के पूरे दामों पर गैस सिलेंडर मिलेगा। ऐसे में गैस सिलेंडर की अनुदान राशि भी उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगी।
क्या कहना है विभाग का
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के बिक्री पर्यवेक्षक जोगिंद्र सारटा ने बताया कि फार्म भरने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। अगर उपभोक्ताआें ने समय रहते लिंकेज फार्म नहीं भरे तो अनुदान राशि नहीं मिलेगी। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता लिंकेज फार्म भरकर आधार कार्ड की फोटो कापी और बैंक खाता नंबर अपनी अपनी गैस एजेंसियों में 15 नवंबर तक जमा करें। ताकि अनुदान की राशि सीधे खाते में ट्रांसफर हो सके।
