
लाहौर: हाफिज मोहम्मद सईद ने कहा है कि वह अमेरिकी ड्रोन हमलों का विरोध कर रहा है, जिस कारण अमेरिका पाकिस्तान सरकार से उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहा है। सईद ने इस बात का भी दावा किया है कि ओबामा प्रशासन जमात-उद-दावा पर कार्रवाई करने के लिए पाकिस्तान पर दवाब डाल रहा है।
जमात-उद-दावा के सरगना सईद ने शुक्रवार को लाहौर में जेयूडी की मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद यह बात कही। सईद ने कहा कि ड्रोन हमलों के खिलाफ अपनी आवाज उठाने के कारण अमेरिका जमात-उद-दावा पर बैन लगाने की मांग कर रहा है। अगर यह मेरा अपराध है तो मैं यह करता रहूंगा। मैं उन्हें बता दूं कि हम किसी बंदिश या प्रतिबंध से डरने वाले नहीं हैं। अमेरिका ‘भारत की भाषा बोल रहा है’।
गौरतलब है कि पाक अधिकारियों ने जेयूडी को केवल ‘निगरानी सूची’ में ही डाला है। अमेरिका ने सईद पर एक करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। उस पर मुंबई में हमले की साजिश रचने का आरोप है। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बुधवार को वॉशिंगटन में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से मुलाकात के दौरान जेयूडी और सईद की गतिविधियों का मुद्दा उठाया था, जिसके बाद सईद की ये प्रतिक्रिया आई है।
