‘नकारात्मक राजनीति के नए प्रतीक बनकर उभर रहे हैं मोदी’

‘नकारात्मक राजनीति के नए प्रतीक बनकर उभर रहे हैं मोदी’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह नकारात्मक राजनीति के नए प्रतीक बनकर उभर रहे हैं। उनका गुजरात मॉडल फेल हो गया है और वह देश को सिर्फ हवा हवाई सपने दिखाकर सत्ता पाना चाहते हैं।

सपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं कारागार मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और राहुल गांधी एवं नरेंद्र मोदी दोनों की भाषा शैली में तल्खी बढ़ती जा रही है। इनकी बयानबाजी राजनीतिक प्रदूषण फैला रही है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने में कांग्रेस और भाजपा सफल नहीं होने पाएंगे। मतदाता जागरूक है और वह अब विकल्प की तलाश में है।

चौधरी ने कहा कि जनता सपा की नीतियों को समर्थन दे रही है और उसे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रगतिशील सोच पर विश्वास और सपा की नीति दोनों की अब राष्ट्रीय राजनीति में मुख्य भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने बसपा राज के पांच वर्षों की अंधेरगर्दी खत्म कर प्रदेश को परिवर्तन की दिशा दी। सपा चाहती है राजनीति का शुद्घीकरण हो और जनहित की योजनाओं पर काम हो। लेकिन भाजपा और कांग्रेस की संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों के चलते प्रदेश को बदनाम करने का कोई मौका नहीं चूकते हैं।

चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी का ताजा बयान मुजफ्फरनगर की घटना का सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने की साजिश है। यह लोकतंत्र के लिए और धर्मनिरपेक्षता के लिए गम्भीर खतरे की बात है। मुस्लिम नौजवानों को दहशतगर्द बताकर उत्पीडऩ करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि पूरे मुस्लिम समाज की देशभक्ति पर प्रश्नचिन्ह लगाने का भी यह षडयंत्र है। इनका बयान अलोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्षता की भावना के प्रतिकूल है।

Related posts