
बगदाद: इराक में कल अलग-अलग स्थानों पर हुए सीरियल बम विस्फोटों में कम से कम 16 लोग मारे गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राजधानी बगदाद से 20 किलोमीटर दूर शिया बहुल शहर युसूफिया के एक बाजार में सड़क किनारे रखे नौ बमों को रिमोट कंट्रोंल के जरिए उड़ाया गया। इन विस्फोटों में सात लोगों की मौत हो गई। बाकूबा शहर में शिया परिवारों के आवासों के समीप सड़क किनारे रखे गए बमों में विस्फोट किए जाने से चार लोग मारे गए।
यह परिवार अल कायदा से जुड़े सुन्नी आतंकवादियों के हमले के डर से विस्थापित होने के बाद हाल ही में अपने घरों में लौटे थे। सूत्रों के मुताबिक पश्चिमी बगदाद में एक सड़क किनारे बम विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई। बुहरिज शहर में एक कार बम विस्फोट में शिया परिवार का एक सदस्य मारा गया। उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह बगदाद में एक शिया बहुल इलाके में स्थित एक कैफे के बाहर एक आत्मघाती हमलावर ने मिनी बस चलाते हुए खुद को उड़ा लिया था, जिसमें कम से कम 38 लोग मारे गए थे।
