
अमृतसरः अमृतसर के पास भारत−पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने तीन पाकिस्तानी घुसपैठियों के मार गिराया है। बीएसएफ द्वारा मारे गए घुसपैठियों के पास से कुछ हथियार भी बरामद किए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तीन लोग सरहद पर मुल्ला कोट चौकी के पास से देर रात तस्करी के लिए घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। मुल्लापुर गांव में बीएसएफ के रात्रिकालीन गश्त दल की गोलीबारी में ये पाकिस्तानी घुसपैठिये मारे गए।
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि गश्त कर रहे दल ने जब इन्हें रोका तो तीनों घुसपैठियों ने उन पर गोली चलानी शुरू कर दी, जिसके बाद बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में ये तीनों मारे गए। घुसपैठियों के पास से एक AK-47, एक पिस्टल, करीब 24 किलोग्राम हेरोइन बरामद हु्र्इ है। हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 120 करोड़ रुपये है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वहां तलाशी अभियान अभी भी जारी है। इस अभियान के पूरा हो जाने के बाद कुछ और मादक पदार्थ एवं हथियार बरामद होने की संभावना है।
