
शिमला। परीक्षा देने से पहले ही हजारों उम्मीदवार बाहर हो गए। राज्य लोेक सेवा आयोग ने सेट (राज्य पात्रता परीक्षा) के लिए 1435 आवेदन रद किए हैं। इन्होंने आवेदन तो भरे, मगर इसके लिए आवश्यक फीस जमा नहीं की। परीक्षा 17 नवंबर को होगी। लेक्चरर की पात्रता के लिए मास्टर डिग्री वाले उम्मीदवार यह परीक्षा देते हैं।
राज्य लोक सेवा आयोग की वेबसाइट के एक लिंक को खोलकर सेट के आवेदन आनलाइन भरे जाने थे। इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक में चालान सृजित किए जाने थे। सेट परीक्षा पहले 27 अक्तूबर को रखी गई थी, मगर अब इसे 17 नवंबर के लिए स्थगित किया गया है। 17 नवंबर को परीक्षा शिमला, सोलन, मंडी, धर्मशाला और पालमपुर केंद्रों में होगी। आवेदन 18 जून तक लिए थे। परीक्षा 19 विषयों में ली जा रही है। आनलाइन मोड से ही सामान्य वर्ग के उम्मीदवार के लिए 500 रुपये और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार के लिए 125 रुपये फीस देने की व्यवस्था की गई।
इस परीक्षा को यूजीसी नेट की तर्ज पर लेक्चरशिप की पात्रता के लिए लिया जा रहा है। नेट, सेट या सलेट विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रवक्ताओं की पात्रता के लिए न्यूनतम पात्रता होती है। आयोग के अवर सचिव त्रिलोक सिंह चौहान ने पुष्टि की है कि सेट के 1435 आवेदन रद किए गए हैं। इसकी प्रमुख वजह फीस नहीं देना है। उन्होंने कहा कि कई ने फार्म भरने के बाद फीस जमा नहीं की, तो हो सकता है कि कई ने दोहरे फार्म भी भर दिए हों।
