महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी को बनाएं मुद्दा

नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर मंडल भाजपा के एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर (अभ्यास वर्ग) में भाजपा के दिग्गज नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी टिप्स दिए तथा पार्टी की बूथ स्तर पर मजबूती पर जोर दिया। इससे पूर्व शिविर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, महामंत्री विपिन परमार, संगठन महामंत्री पवन राणा के पहुंचने पर मंडल भाजपा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। शुभारंभ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अगर बूथ मजबूत होगा तो पार्टी भी मजबूत होगी। चुनाव मतदान केंद्रों के माध्यम से जीते जाते हैं और कार्यकर्ता की अपने पोलिंग बूथ पर मजबूत पकड़ पार्टी की जीत का मार्ग प्रशस्त करती है। दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष डा. राजीव भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन के टिप्स दिए। तीसरे सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने केंद्र की यूपीए सरकार पर जमकर हमला बोला तथा आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने में कोई कसर नहीं रखी। कहा कि इस समय देश में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी चरम सीमा पर है। ऐसे माहौल में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी तैयारी के साथ इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाना होगा। अगर कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी के साथ प्रचार करें तो कांग्रेस को सत्ता से ही क्या देश की राजनीति से भी बाहर किया जा सकता है। संगठन महामंत्री पवन राणा ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए संगठन की मजबूती पर बल दिया। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक रविंद्र सिंह रवि, नूरपुर जिला भाजपा के अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, महामंत्री रणवीर सिंह निक्का, मंडलाध्यक्ष लेखराज शर्मा, महामंत्री रमेश कौशल, महिला नेत्री मालविका पठानिया, शोभा डढवाल सहित कई अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts