
चंबा। ग्राम पंचायत गैहरा में बिजली उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल नहीं मिल रहे हैं। इस कारण उन्हें बिल का भुगतान करने में परेशानी हो रही है। बिजली बोर्ड के कर्मचारी बिना मीटर रीडिंग देखे दुकान पर बैठ कर बिजली बिल काट रहे हैं। इसके अलावा बिलों को दुकानदारों के पास ही छोड़ देते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को समय पर बिल नहीं मिल रहे हैं। उपभोक्ता भूटिया, महिंद्र, रविंद्र कुमार, ज्ञान चंद, मदन लाल और कृष्ण चंद ने बताया कि शनिवार को बिल जमा करवाने की तिथि निर्धारित की गई है, लेकिन उन्हें अभी तक बिजली बिल नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य उपभोक्ताओं को भी गहरा बाजार में दुकानदारों से बिल मिले हैं। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड के कर्मचारी उपभोक्ताओं के घरों में जाकर मीटर रीडिंग नहीं देखते, बल्कि एक जगह बैठ कर ही बिल काट देते हैं। उन्होेंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि उनके बिल मीटर रीडिंग देखकर काटे जाएं और घर में बिल दिए जाएं। उधर, बिजली बोेर्ड के अधिशाषी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि उपभोक्ता बोर्ड के सहायक अभियंता को इसकी लिखित शिकायत करें। इसके बाद बोर्ड की ओर से संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
