पुलिस की जांच पर पानी, फर्जी निकले सिमकार्ड

अंब (ऊना)। चर्चित नलोह गोलीकांड में पुलिस के हाथ फिर खाली हो गए हैं। सुराग के तौर पर जो तीन मोबाइल नंबर मिले थे। वे सारे फर्जी निकले हैं। सभी नंबर फर्जी आईडी पर जारी किए गए हैं। पुलिस यह मानकर चल रही थी कि अब आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं, लेकिन सिमकार्ड फर्जी होने से पुलिस की मुश्किल फिर बढ़ गई है।
जांच में यह पाया गया कि सिमकार्ड फर्जी पतों पर अंब के एक रिटेलर ने जारी किए हैं। सभी सिम प्रवासियों को दिए गए हैं। 22 सितंबर को अंब के नलोह में अंदौरा निवासी अश्विनी कुमार को अज्ञात युवकों ने उस वक्त गोली मार दी थी जब वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर को वापस आ रहे थे।
एक माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस घटनाक्रम में कोई पर्दाफाश नहीं कर पाई है। मृतक के कुछ करीबियों के नंबर खंगालने पर पुलिस को यह तीन नंबर ऐसे मिले थे। इनसे कुछ ही समय पूर्व कॉल्स आना शुरू हुई थीं। इसके चलते पुलिस का पूरा फोकस इन नंबरों पर था। अब फिर से पुलिस उसी जगह पहुंच गई है। जहां से केस की तहकीकात आरंभ हुई थी।
—-
रिटेलर, क्षेत्रीय प्रतिनिधि पर केस
डीएसपी मदन कौशल ने बताया कि तीन सिम फर्जी आईडी पर जारी करने के आरोप में कंपनी के क्षेत्रीय प्रतिनिधि एवं स्थानीय रिटेलर के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही नलोह हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाया जाएगा।

Related posts