कहां गया मल्टी एक्सल हटाने का वादा

बिलासपुर। ट्रक आपरेटर परिवहन सहकारी सभा बीडीटीएस के प्रबंधन के खिलाफ उन्हीं के पुराने साथियों ने मोरचा खोल दिया है। पूर्व में सभा के मौजूदा प्रबंधन वर्ग के साथ चट्टान की तरह खड़े रहे आपरेटरों ने उन पर पूर्णतया फ्लाप रहने का आरोप जड़ा है। उन्होंने कहा कि न तो मल्टी एक्सल ट्रकों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सका है और न ही आपरेटरों की अन्य समस्याएं दूर हो पाई हैं।
मंगलवार को बिलासपुर के हनुमान टिल्ला में नीलम चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित ट्रक आपरेटरों की बैठक में कहा गया कि पिछले साल बीडीटीएस के चुनाव के दौरान सभा के मौजूदा प्रबंधन ने कई वादे किए थे। मल्टी एक्सल ट्रकों को हटाने का भरपूर प्रचार किया था। उक्त गाड़ियां हटाने संबंधी उनके वादे पर भरोसा करके आपरेटरों ने चुनाव में उनका साथ दिया। कुर्सी मिले दस माह बीत जाने के बावजूद उक्त गाड़ियों को अभी तक बाहर नहीं किया गया है।
नवीन शर्मा व कुलदीप धीमान ने कहा कि डंपों पर अनलोडिंग के लिए ट्रकों को 3-4 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। सभा का मौजूदा प्रबंधन वर्ग पूर्व में विपक्ष में रहते डंपों पर खड़े ट्रकों की वीडियोग्राफी करवाता था, लेकिन सत्ता मिलने के बाद इस समस्या के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए। जाहिर है कि वीडियोग्राफी का ड्रामा केवल बीडीटीएस की कमान झटकने के लिए ही किया जाता था। हाल ही में कई दिनों तक डिमांड रोककर रखी गई, लेकिन समझौते के बगैर ही ढुलान दोबारा शुरू कर दिया गया। इससे आपरेटरों का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। सभा प्रबंधन को इन तमाम सवालों का जवाब आपरेटरों को देना ही होगा। बैठक में प्रेम चौधरी, सुखराम नड्डा, रोशनलाल, चुनीलाल, रूपी ठाकुर, सुरेश भुट्टो, रिंकू, परवेज मोहम्मद, संतोष, राजीव चंदेल, रणवीर चंदेल, कुलवंत चंदेल, बशीरदीन, राधेश्याम, आेंकार शुक्ला, कांत, अनवेश शर्मा, राजकुमार महाजन, सुभाष चंदेल व रोशनदीन आदि ने भाग लिया।

Related posts