15 लाख से संवरेगा जराक्सी मंदिर

काईस (कुल्लू)। काईस क्षेत्र के तांदला में देवता जराक्सी के महाभारतकालीन मंदिर को 15 लाख की राशि से संवारा जाएगा। मंदिर में हूबहू वैसी ही नक्काशी की जाएगी, जैसे यह मूल रूप में विद्यमान था। काष्ठकुणी शैली का यह मंदिर 1978 में तांदला में लगी भयंकर अग्निकांड की भेंट चढ़ गया था। धन की कमी के चलते देवलुओं के लिए मंदिर का निर्माण करना मुश्किल हो गया था। तब से लेकर अब तक देवता अस्थायी डेरे में विराजमान हैं। देव जराक्सी ने गूर के माध्यम से मंदिर निर्माण की बात कही थी तथा बात न मानने पर किसी अनहोनी का संकेत भी दिया था। अब देवता के हरियान स्वेच्छा से अंशदान करते हुए मंदिर को इसका पुरातन वैभव लौटाने के प्रयास में जुट गए हैं। यह कार्य अगले डेढ़ वर्ष में तैयार हो जाएगा। देवता जराक्सी के कारदार लेस राम भास्कर ने बताया कि देवता की आज्ञा का पालन किया जाएगा। मंदिर अगले डेढ़ वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगा। इस पर पंद्रह लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

Related posts