
ऊना। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश कालिया अपने हलके को लेकर चिंतित हैं। विस चुनाव में जीत की हैट्रिक बनाने वाले कालिया के हलके गगरेट में चल रही कुछ ‘गड़बड़’ को लेकर लोगों में खूब चर्चा है। मुख्यमंत्री की कांगड़ जनसभा में राकेश कालिया आक्रामक नजर आए।
कालिया ने कहा था कि वह इन दिनों मध्यप्रदेश में हैं। संगठन की जिम्मेदारी के कारण ज्यादातर दूसरे राज्यों के दौरों पर ही रह रहा हूं। जब उन्होंने मंच से कहा कि पहरेदार न होने के कारण खेत में आवारा पशु घुस आते हैं तो पंडाल में सन्नाटा पसर गया। एक डाक्टर के तबादले को लेकर भी कालिया ने कहा कि कुछ लोगों ने साजिश के तहत यह तबादला करवा दिया। कालिया बोले कि उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भोपाल से फोन किया और मुख्यमंत्री ने उनके आग्रह पर तुरंत डाक्टर का तबादला रुकवा दिया। कालिया ने आगे कहा कि उनके हलके में कुछ ठीक नहीं चलेगा तो इसका असर पड़ोसी हलके पर भी होगा। इस बात को लेकर भी चर्चा है कि आखिर इस ‘गड़बड़ी’ के लिए कालिया ने किस नेता की ओर इशारा किया। कालिया ने मुख्यमंत्री वीरभद्र से भी आग्रह किया वे उनके हलके का ध्यान रखें। जब कालिया ने कहा कि स्वां नदी का उद्गम स्थल उनके विस क्षेत्र गगरेट में है। शिलान्यास वहां होता है, जहां से काम शुरू होगा। उद्घाटन वहां होता है, जहां काम खत्म होगा। कालिया ने शिलान्यास मौके पर कह दिया कि गंगा उल्टी भी बहेगी तो कोई बात नहीं। हालांकि कालिया को ध्यान से सुन रही पंडाल में मौजूद अथाह भीड़ उनकी इस बात पर हंस पड़ी। भाषण समाप्त करने के बाद कालिया सीएम, आईपीएच मंत्री और अन्यों से मिले और दिल्ली के लिए रवाना हुए। पंडाल में ही कालिया के वक्तव्य पर चर्चा शुरू हो गई थी।
