
रुद्रपुर। भाजपा विधायकों ने पुलिस कप्तान को चुनौती दी है, कि वह चाहे जितनी फोर्स और धाराएं लगा लें। अब प्रतिदिन भाजपा विधायक धारा 144 का उल्लंघन करेंगे। बुधवार सायं यहां एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में गदरपुर विधायक अरविंद पांडे, खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी, नानकमत्ता विधायक प्रेम सिंह राणा और किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता की। विधायकों ने कहा कि कांग्रेस के एक संगठन का शहर में चुनाव हो रहा था। जहां पर सैकड़ों की तादाद में कांग्रेसी एकत्र थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं भाजपा की बाइक रैली को धारा 144 का उल्लंघन मानकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कहा कि बृहस्पतिवार से प्रतिदिन धारा 144 का उल्लंघन किया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से जेल भरो आंदोलन करेंगे। जिसमें पहले दिन जिलाध्यक्ष उत्तम दत्ता समर्थकों के साथ भगत सिंह चौक पर धारा 144 का उल्लंघन कर गिरफ्तारी देंगे। शुक्रवार को गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के साथ भाजपा पदाधिकारी गिरफ्तारी देंगे। इससे पहले सभी भाजपा विधायक समर्थकों के साथ गिरफ्तार 14 भाजपा कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर जिलाधिकारी बृजेश कुमार संत से मिले। इस दौरान भाजपा विधायकों ने कहा कि इससे शहर का माहौल खराब हो सकता है। जनहित में गिरफ्तार लोगों को रिहा कर दिया जाए। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य सचिव से वार्ता के बाद ही निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व भाजपा विधायक अरविंद पांडे समेत अन्य लोग मुख्य बाजार में धरने में बैठे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष उत्तम दत्ता, शिव अरोरा, विकास शर्मा समेत तमाम भाजपाई थे।
