हर्षवर्धन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनने पर डॉक्टर उत्साहित

भाजपा के वरिष्ठ के नेता और दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन (डीएमए) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन को भाजपा की ओर से नई दिल्ली के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने पर डीएमए और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने खुशी जाहिर की है।
एसोसिएशनों का कहना है कि हर्ष अच्छे प्रशासक और डॉक्टर हैं, इसमें कोई संदेह नहीं।

डीएमए के सचिव डॉ. के के कोहली ने कहा कि भाजपा के इस फैसले से मेडिकल एसोसिएशन में खुशी है।

आईएमए के महासचिव डॉ. नरेंद्र सैनी ने कहा कि डॉक्टर किसी भी पार्टी से उम्मीदवार होगा तो एसोसिएशन उसका समर्थन करेगा।

दिल्ली मेडिकल काउंसिल के एंटी क्वेकरी सेल के चेयरमैन अनिल बंसल ने भी हर्षवर्धन का समर्थन करने की बात कही है।

कुछ समय पहले अरविंद केजरीवाल डॉक्टरों का समर्थन जुटाने डीएमए कार्यालय पहुंचे थे।

डीएमए के डॉक्टरों ने उनका जोरदार स्वागत किया था और उन्हें विश्वास दिलाया था कि डॉक्टरों का समर्थन उनकी पार्टी को मिलेगा।

तब केजरीवाल ने कहा था कि हर्षवर्धन ‘आप’ में आते हैं तो उन्हें बेहद खुशी होगी।

Related posts