
नई दिल्ली: यूपी के उन्नाव के डौडिय़ा खेड़ा गांव में खजाना होने का दावा करने वाले संत शोभन सरकार और उनके शिष्य ओम बाबा की अब मुश्किले बढ़ती ही जा रही है। जेडीयू महासचिव जावेद रजा ने भी तुगलक रोड थाने में सोने का सपना देखने वाले संत शोभन सरकार, उनके शिष्य ओम बाबा और केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत के खिलाफ शिकायत दी है।
शिकायत में अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस बयानों की जांच करेगी। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक समाज में अंधविश्वास फैलाने के मामले पर जेडीयू ने केंद्रीय मंत्री चरण दास महंत के खिलाफ बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की।
गौरतलब है कि उन्नाव में केंद्रीय मंत्री चरण दास महंत की सिफारिश पर ही सोने के लिए खुदाई शुरू हुई थी जिसके बाद जेडीयू ने उन पर अपनी सरकारी हैसियत का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था। जेडीयू महासचिव जावेद रजा और अन्य पार्टी नेताओं ने अपनी शिकायत में महंत पर आरोप लगाया कि उन्होंने एक साधु के सपने के आधार पर एएसआई द्वारा खुदाई करवाने के लिए अपनी सरकारी हैसियत का दुरुपयोग किया।
जेडीयू नेताओं ने महंत और बाबा ओम अवस्थी के खिलाफ आईपीसी की उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की। वाराणसी के एक अधिवक्ता ने संत सोभन सरकार के खिलाफ वाराणसी के ऐसीजीएम षष्टम (अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट) के यहां के कोर्ट में एक परिवाद दाखिल किया है। कोर्ट ने परिवाद स्वीकार करते हुए इस पर 24-10-13 को सुनवाई की तारीख मुकरऱ्र की है।
