मंडी के विकास को 135 करोड़ मंजूर

मंडी। निर्मल भारत अभियान के तहत मंडी जिले के लिए 135 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मंजूर हुआ है। इस प्रोजेक्ट के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगाष अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गोपाल चंद ने बताया कि संपूर्ण स्वच्छता अभियान की जगह पर अब निर्मल भारत अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि मंडी जिले की अब तक 283 पंचायतें पूर्ण स्वच्छ घोषित की जा चुकी हैं। 127 पंचायतों का मूल्यांकन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मंडी जिले का बल्ह ब्लॉक संपूर्ण स्वच्छता के मामले में प्रदेश का दूसरा और जिले का पहला ब्लॉक बन गया है। मंडी जिले में अभी भी छह प्रतिशत घरों में शौचालय नहीं बनाए गए हैं। इसके लिए मंडी साक्षरता एवं जन विकास समिति की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। 31 दिसंबर तक मंडी जिले में शत प्रतिशत घरों में शौचालय बन जाने से खुला शौच मुक्त जिला बन जाएगा। इसके अलावा ठोस एवं तरल कूड़ा कचरा प्रबंधन पर पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें घरों से निकलने वाले गंदे पानी और ठोस कूड़े कचरे के प्रबंधन के लिए गड्ढे बनाने, घरों के बाहर नालियां बनाने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसी तरह इंदिरा आवास योजना के तहत 1070 मकान बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत 75000 रुपये की राशि एक मकान के निर्माण के लिए सरकार की ओर से दी जा रही है। राजीव आवास योजना के तहत 226 मकान बनाए हैं। इनमें अनुसूचित जाति के लिए 56 और सामान्य वर्ग के लिए 170 आवास बनाए गए हैं।

Related posts