
पालमपुर/लंबागांव (कांगड़ा)। लंबागांव इलाके की धुपक्यारा पंचायत में हुई एक विवाहिता की मौत में नया मोड़ आ गया है। मृतका के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपने सुसर, सास व ननद पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ससुर प्रीतम और ननद सपना को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को धुपक्यारा पंचायत के गांव न्यारा में एक महिला की मौत हो गई थी। यह महिला अपने घर में रविवार रात सुसर को बेहोशी हालत में मिली थी। महिला को पालमपुर अस्पताल लाया गया। लेकिन उसकी गंभीर हालत को देख उसे टांडा रेफर कर दिया गया था। लेकिन सोमवार सुबह करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई थी। मंगलवार को जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें महिला ने साफ लिखा है कि उसे उसके सुसर, सास व ननद प्रताड़ित करते थे। इस पर वह आत्महत्या करने पर मजबूर हुई है। ननद की शादी हो चुकी है।
महिला द्वारा किसी जहरीली वस्तु खाने की कथित रूप से पहले ही शंका जताई जा रही थी। पुलिस अब इस सुसाइड नोट की हर पहलू से जांच में जुट गई है। उधर, डीएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि महिला से मिले सुसाइड नोट के चलते पुलिस ने मृतका के सुसर, सास व ननद के खिलाफ धारा 498ए, 306 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
