
कुल्लू। छह साल में पैसे दोगुने करने के नाम पर एक निजी कंपनी ने कई लोगों से ठगी कर डाली। इस संबंध में पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ धारा 420 तथा 120 बी के तहत मामला दर्ज कर कंपनी का अकाउंट सील कर दिया है। इस मामले में अभी और कई बड़े खुलासे भी हो सकते हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार भुंतर सेरी बेहड़ निवासी जीवन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे एक निजी कंपनी फ्यूजन इंफ्रा बिल्ट इंडिया की ओर से बतौर ब्रांच मैनेजर नियुक्ति किया गया था। इस कंपनी का कार्यालय कांगड़ा में खोला गया है और मुख्यालय जालंधर में है। जीवन कुमार के मुताबिक कंपनी ने उसे कुल्लू और मंडी में लोगों से पैसा एकत्रित करने का कार्य दिया था। इसके लिए जीवन कुमार ने 14 लोगों की टीम भी बनाई थी। यह टीम कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में लोगों से पैसे एकत्रित करने का काम करती थी। कांगड़ा, कुल्लू और मंडी के इन 14 लोगों ने भी कंपनी में अपने धन का निवेश किया था। जीवन कुमार के अनुसार कंपनी ने सभी लोगों को धोखे में रखा। कंपनी लोगों को छह साल मेें धनराशि दोगुनी करने का प्रलोभन दे रही थी, जबकि कंपनी के एफडी और आरडी खोलने की आरबीआई से कोई परमिशन नहीं है। कंपनी ने उन सभी लोगों को वेतन भी नहीं दिया। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में कुल्लू, मंडी और कांगड़ा समेत प्रदेश के अन्य स्थानों पर कई लोगों से करोड़ों की ठगी के खुलासे हो सकते हैं।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि जीवन कुमार की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी के तीन अधिकारियों एमडी मुकेश कुमार, तरुण कौर और गणेश ठाकुर के खिलाफ भुंतर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कंपनी के अकाउंट को सील कर दिया गया है। डीएसपी ने लोगों से अपील की है कि लोग इस तरह की कंपनियों के झांसे में न आएं। अपने धन की एनवेस्टमेंट करने से पहले इस बात की जांच अवश्य कर लें कि कंपनी आरबीआई से पंजीकृत है या नहीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई और बड़े खुलासे भी हो सकते हैं।
