
खराहल (कुल्लू)। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को दालें नहीं मिल रही हैं। सरसों का तेल डिपुओं में पहले ही उपबलब्ध नहीं है, अब दालों की आपूर्ति न होने से लोगों में भारी रोष है। इतना ही नहीं, दीपावली नजदीक आते ही डिपुओं में चीनी भी नहीं मिल रही है। वक्त पर चीनी की आपूर्ति नहीं हुई तो दीपावली में लोगों को महंगी दरों पर चीनी खरीदनी पड़ेगी। लोग सस्ते राशन के लिए बार-बार डिपुओं के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। जिले में एपीएल और बीपीएल परिवारों को डिपुओं में सस्ती दरों पर खाद्य सामग्री मुहैया करवाई जाती है, लेकिन दो माह से तेल और दाल की आपूर्ति सुचारु रूप से नहीं हुई है। अब अक्तूबर भी अंतिम पखवाड़े में पहुंच गया है, लेकिन आधी से ज्यादा खाद्य सामग्री डिपुओं से गायब हैं। जिले में करीब 1.2 लाख एपीएल और बीपीएल परिवार इस योजना के तहत सस्ती दरों पर डिपुओं से खाद्य सामग्री हासिल करते हैं। घाटी के नरेश, अनीश, नवीन, सुरेश, अखिल राणा, हर्ष ठाकुर, कर्मचंद और यशपाल राणा ने कहा कि दो माह से डिपुओं में तेल और दालें नहीं मिल रही हैं। चीनी की आपूर्ति भी इस माह नहीं हुई है। डिपुओं में जहां 35 रुपये प्रति किलो दाल मिलती है, वहीं बाजार में यह दालें 70-80 रुपये प्रति किलो मिलती हैं। सरसों का तेल पहले ही नहीं मिल रहा है। मजबूरन लोगों को बाजार से 120 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से खरीदना पड़ रहा है। उधर, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने बताया कि नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। सप्लाई की खेफ पहुंचते ही जिले के तमाम डिपुओं को संपूर्ण खाद्य सामग्री वितरित की जाएगी।
