आए थे चपत लगाने पहुंचे हवालात

रुद्रपुर। फर्जी कागजात तैयार कर बैंक से लोन लेने आए दो आरोपियों को वास्तविक खातेदारों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
गांधी पार्क के सामने स्थित यूको बैंक के प्रबंधक के अनुसार एक सप्ताह पूर्व दो लोग चंदेन फार्म, बिलासपुर हाल यूएसए निवासी अजयराज सिंह , जाफराबाद, बिलासपुर निवासी कुलदीप सिंह और प्रेमल सिंह की भूमि की फर्जी खतौनी और वोटर आईडी लेकर बैंक में 30 लाख का लोन लेने आए। लोन की प्रक्रिया के तहत भूमि व मकान का सर्वे करने के लिए फील्ड आफिसर शेखर को मौके पर भेजा गया। जहां दोनों ने किसी अन्य की भूमि और मकान को अपना बताकर दिखा दिया। शक होने पर फील्ड आफिसर एक बार फिर सर्वे के लिए सोमवार को मौके पर गया और उसने जमीन और मकान के बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की। जिस पर दिखाई गई जमीन व मकान किसी अन्य के निकले। मामला संदिग्ध देख बैंक प्रबंधक व फील्ड आफिसर ने जिन व्यक्तियों की खतौनी लोन की फाइल में लगाई गई थी, उनको मामले की जानकारी देकर मंगलवार को बैंक में बुला लिया। वहीं दूसरी ओर लोन के लिए आवेदन करने वालों को भी चेक ले जाने के बहाने में बैंक बुलाया। जब तीन लोग लोन का चेक लेने बैंक में पहुंचे तो वहां मौजूद वास्तविक खातेदारों ने दो आरोपियों को दबोचकर पिटाई लगाने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम कलकती फार्म, गदरपुर निवासी वीरेंद्र सिंह व मूढा पांडे, मुरादाबाद हाल निवासी शारदा कालोनी निवासी देवेंद्र सिंह बताया। अजयपाल सिंह की मां रंजीत कौर रंधावा ने मामले की तहरीर पुलिस को सौंप दी है। कोतवाल राकेश चंद्र थपलियाल ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

Related posts