
सोमेश्वर। राजकीय महाविद्यालय सोमेश्वर में एमए और एमकॉम कक्षाएं शुरू करने, स्नातक में समाजशास्त्रत्त्, भूगोल, इतिहास आदि विषय खोलने की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन बीसवें दिन भी जारी रहा। हुकुम सिंह बोरा शहीद स्मारक पर छात्रों ने धरना दिया। इधर विधायक अजय टम्टा के नेतृत्व में शिष्टमंडल गरुड़ में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लौट आया है।
क्षेत्रीय विधायक अजय टम्टा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं का एक शिष्मंडल गरुड़ पहुंचा। शिष्टमंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री बहुगुणा ने तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा महाविद्यालय में पीजी कक्षाएं संचालित करने के लिए की गई घोषणा के जारी जीओ की जांच कर क्रियान्वयन कराने का भरोसा दिलाया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय की पेयजल समस्या के समाधान के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
विधायक श्री टम्टा ने बताया कल 23 अक्तूबर को उच्च शिक्षा निदेशालय की टीम सोमश्वर पहुंचेगी और आंदोलित छात्र-छात्राओं से वार्ता करेगी। श्री टम्टा ने छात्रों से वायदा किया है कि 2014 से पीजी कक्षाएं हरहाल में संचालित करवा दी जाएंगी। विधायक ने बताया कि सीएम ने हाईस्कूल डौनी में फर्नीचर के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की है। छात्र-छात्राओं ने विधायक के प्रयासों को सराहा है। शिष्टमंडल में छात्रसंघ अध्यक्ष भगवन सिंह राणा, भुवन भाकुनी, दीपक कुमार, राजेंद्र सिंह कैड़ा, दलीप नेगी, मोनिका मेहरा शामिल थे। आज धरने में फारुक अहमद, ऊषा पांडे, पूजा गोस्वामी, हिमानी आर्या, नेहा जोेशी, साधना भाकुनी आदि बैठे।
