
जम्मू: अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीती रात पाकिस्तानी सैनिकों ने 50 से अधिक सीमावर्ती चौकियों पर गोली चलाई और गोलाबारी की जिससे बीएसएफ के एक हेड कान्स्टेबल की मौत हो गई और सात सुरक्षा कर्मी घायल हो गए। हालिया समय में सीमा पार से यह अब तक की सबसे बड़ी उकसावे की कार्रवाई है। कल ही गृह मंत्री सुशील कुमार शिन्दे ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे इलाकों का दौरा किया था और कुछ घंटे बाद सीमा पार से फिर संघर्षविराम उल्लंघन किया गया।
शिन्दे, 14 अक्तूबर से संघर्ष विराम के उल्लंघन की घटनाओं के बाद उत्पन्न सुरक्षा हालात की समीक्षा करने के लिए यहां आए थे। 14 अक्तूबर को संघर्ष विराम के उल्लंघन की घटना में दो जवान शहीद हो गए थे और 18 लोग घायल हुए थे। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने कल रात से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जम्मू की सीमाई पट्टी पर 50 से अधिक सीमा चौकियों पर स्वाचालित हथियारों से गोली चलाई और हमला किया।
