सस्ता होगा प्याज और टमाटर

मंडी। दीपावली और भैयादूज के त्योहार के दौरान टमाटर और प्याज सस्ता होगा। कृषि उपज मंडी समिति हजारों लोगों को यह तोहफा देने जा रही है। टमाटर और प्याज की दरों में बिना कमीशन लिए दुकानदारों को थोक रेट वाला दाम ही वसूलने का फरमान जारी किया है। इससे लोगों को प्याज और टमाटर पंद्रह से बीस रुपये सस्ता मिल सकता है। वर्तमान में प्याज 80 और टमाटर 50 रुपये किलो तक बिक रहा है।
जिला कृषि उपज एवं मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष हरेंद्र सेन ने कहा कि त्योहारी सीजन में लोगों को सब्जी मंडी के थोक रेट अनुसार ही टमाटर और प्याज रेट टू रेट मिलेगा। यह फैसला महंगाई को देखते हुए लिया है। इसके अलावा सभी सब्जी दुकानदारों और थोक विक्रेताओं को इलेक्ट्रानिक तराजू प्रयोग करना अनिवार्य कर दिया है। सब्जी उत्पादक किसानों को पक्का बिल देने के साथ दुकान में रोजाना रेट लिस्ट लगाएं। सब्जी मंडी में बाहर से आने वाले सब्जियों और फलों से लदे वाहनों से कंपाउंड फीस ली जाएगी। इसमें जीप की 300, माजदा टैंपो की 500 और ट्रक की 700 रुपये फीस रहेगी।
चौहार और द्रंग में खुलेंगी सब्जी मंडियां
जिला कृषि उपज एवं मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष हरेंद्र सेन ने कहा कि तीस सितंबर तक समिति ने दो करोड़ मुनाफे का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। सालाना लक्ष्य तीन करोड़ रखा है। शीघ्र ही द्रंग के चौहार वैली और सराज के बालीचौकी में उप सब्जी मंडी खोली जाएगी। इसका मंडी क्षेत्र की सांसद के मार्गदर्शन में काम चल रहा है। धनोटू में कोल्ड स्टोरेज सुविधा आरंभ होगी। समिति के अध्यक्ष हरेंद्र सेन ने कहा कि आढ़ति और सब्जी विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि केवल त्योहार पर सब्जी मंडी के थोक दाम पर टमाटर और प्याज लोगों को बेचें।

Related posts