
पॉल ओहियो (आबुजा): नाइजीरिया के बोर्नो स्टेट राज्य में कैमरून से लगी देश की सीमा के पास सैनिकों का वेष धारण किए हुए इस्लामी बोको हरम के संदिग्ध बंदूकधारियों ने एक नकली जांच चौकी बनाकर 19 लोगों की हत्या कर दी।
सैनिकों की वर्दी पहने आतंकवादियों ने रविवार को जांच चौकी पर आए वाहनों को रुकने के लिए कहा और फिर यात्रियों और चालकों को गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि कई वाहन रोके गए और बाद में 19 लोगों को मृत पाया गया। हमले में बचे लोगों ने कहा कि हमलावरों को बाद में जब फोन पर पता चला कि लोगूमनी शहर में जहां यह हमला हो रहा था उससे लगे राजमार्ग पर सैनिक आ रहे हैं तो वह घटनास्थल से फरार हो गए।
2009 के बाद से बोको हरम के आतंकवादी नाइजीरिया के 36 राज्यों में से तीन में लगातार हमले कर रहे हैं। पिछले महीने आतंकवादियों ने उत्तरी नाइजीरिया में स्थित एक कॉलेज के 50 छात्रों की हत्या कर दी थी। बोको हरम का लक्ष्य उत्तरी नाइजीरिया में इस्लामी सरकार की स्थापना करना और संभवत: इसे देश के दूसरे हिस्सों तक फैलाना है। राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन ने योबे, बोर्नो और अदमावा राज्यों में आपातकाल घोषित किया हुआ है। इन राज्यों में बोको हरम मजबूत स्थिति में है।
