
श्रीनगर: गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे जम्मू पहुंच गए हैं। शिंदे की सुरक्षा व्यवस्था के लिए यहां काफी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुशील शिंदे ने जम्मू में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हम पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं। हमें जानकारी मिली है कि कई आतंकी सीमा पर घुसपैठ की फिराक में हैं। जिनमें से हाफिज सईद पहले से ही वांटेड है। हाफिज के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी है और हाल के घुसपैठ में उसका हाथ होने की आशंका हैं।
गृहमंत्री सुशील शिंदे ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और हमारे सैनिक सीमा की रक्षा के लिए तैयार हैं। हालांकि पिछले साल की तुलना में सीमा पर घुसपैठ बढ़ी है। आपको बता दें कि संघर्ष विराम के उल्लंघन की घटनाओं में इजाफा होने से भारत-पाक सीमा पर जारी तनाव के बीच शिंदे आज जम्मू-कश्मीर के अग्रिम इलाकों के दौरे पर हैं।
इस दौरे के दौरान शिंदे अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगी कुछ चौकियों का मुआइना करेंगे जिनका संचालन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कर रहा है। वह वहां हालात की समीक्षा करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि केन्द्रीय गृहमंत्री जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के अलावा राज्य सरकार और केन्द्र सरकार दोनों के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और सीमा के हालात का जायजा लेंगे।
