सड़कों पर उतरे संयुक्त मोर्चा कर्मचारी

बागेश्वर। लंबित सात सूत्रीय मांग पूरी नहीं होने पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। गुस्साए कर्मियों ने सोमवार को जिला मुख्यालय की सड़कों पर प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में आंदोलन तेज करने की धमकी दी। हड़ताल के चलते लोगों को जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, रसायन, बीज वितरण आदि सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सभा के बाद कर्मचारियों ने सीएम के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
सोमवार को मत्स्य, पशुपालन, कृषि, सिंचाई, बाल विकास, ग्राम्य विकास विभाग आदि के फील्ड कर्मचारी यहां विकास भवन में जमा हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए दुग बाजार, नुमाईशखेत, माल रोड, तहसील मार्ग होते हुए विकास भवन पहुंचे। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने लंबित मांगें पूरी नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रतिमाह 1200 रुपये वाहन भत्ता देने, वेतन विसंगति दूर करने, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण और जिला पंचायत के कर्मियों को योगदान की तिथि राज्य कर्मी घोषित करने सहित सात सूत्रीय मांगे लंबित हैं। इस अवसर पर केसी भट्ट, पूरन सिंह परिहार, गोपाल राम, आशु उप्रेती, एमसी पंत, अनवर बेग, गोकुल रावत, सुरेंद्र बिष्ट, केडी जोशी, ललित मोहन तिवारी, नवीन टम्टा, कैलाश गिरी, गोविंद भौर्याल, पूरन पिल्खवाल, चतुर सिंह नेगी, नीमा बिष्ट, भूपाल सिंह, प्रमोद तिवारी आदि मौजूद थे। हड़ताल के कारण पंचायत चुनाव के सर्वे का कार्य, मनरेगा कार्य का भुगतान, खाद्य, बीज, रसायन वितरण आदि का कार्य बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

Related posts