दवा देने को भी नहीं है फार्मेसिस्ट

चंपावत। विकासखंड ही नहीं पाटी तहसील मुख्यालय भी है। लेकिन यहां की स्वास्थ्य सेवा लड़खड़ाई हुई है। अस्पताल में स्थाई चिकित्सक तो पहले से नहीं है और अब फार्मेसिस्ट का रिलीवर के बगैर तबादला करने से हालत बिगड़ी है। अब 15 किमी दूर देवीधुरा के फार्मेसिस्ट से यहां का काम चलाया जा रहा है।
पाटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी स्थाई डॉक्टर नहीं है। चिकित्सकाें के दोनों पद रिक्त है। अलबत्ता एक संविदा के डॉक्टर के जरिए किसी तरह काम चलाया जा रहा है। वहीं यहां तैनात फार्मेसिस्ट का निदेशालय द्वारा रिलीवर के बगैर जिला अस्पताल स्थानांतरण करने से हालत और खराब हो गए हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी भी है।
पूर्व बीडीसी सदस्य दीपक जोशी सहित तमाम ग्रामीणों का कहना है कि स्थाई फार्मेसिस्ट नहीं होने तथा डॉक्टरों की कमी से यहां की स्वास्थ्य सेवा चरमरा रही है। पाटी क्षेत्र में ग्रामीण इलाकों के 20 हजार से अधिक लोग निर्भर हैं। मगर यहां व्यवस्था को ठीक करने के बजाय बदतर कररने का लोगों ने आरोप लगाया। इस इलाके में कायदे के प्राइवेट अस्पताल भी नहीं होने से लोगों की मुसीबत बढ़ती है। ऐसे में उन्हें करीब 60 किलोमीटर दूर लोहाघाट दौड़ लगानी पड़ती है।

Related posts