
रुद्रपुर। विधायक समेत अन्य को दंगे का आरोपी बनाकर मुकदमे दर्ज करने व गिरफ्तारी के विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने कलक्ट्रेट पर सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। साथ ही राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर निर्दोष लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की।
सोमवार को हिंदूवादी संगठनों समेत अन्य संगठनों ने कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि दो अक्टूबर 2011 को शहर में हुए दंगों में जिन लोगों ने शहर को बचाया उन्हीं लोगों पर प्रदेश सरकार मुकदमा चलाने की अनुमति दे रही है। उन्होंने कहा कि दंगे के दिन यदि रंपुरा की जनता सामने नहीं आती तो कोतवाली को आग के हवाले करने से कोई नहीं बचा पाता। लेकिन रंपुरा के लोगों ने पुलिस के कहने पर सामने आकर दंगाइयों को खदेड़ा। लेकिन अब उन्हीं लोगों पर द्वेष भावना से मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधायक समेत अन्य निर्दोष लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के साथ ही सीबीआई जांच की मांग की। साथ ही शीघ्र मुकदमे वापस न लेने पर अनिश्चितकालीन बाजार बंद की चेतावनी दी। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बची सिंह रावत, जिलाध्यक्ष उत्तम दत्ता, नगराध्यक्ष सत्यप्रकाश चौहान, त्रिलोचन सिंह, सुभाष चतुर्वेदी, भारतभूषण चुघ, राजेश बजाज, सुरेश परिहार, अनिल चौहान, अजय ठुकराल, संजय ठुकराल, सतनाम सिंह, गुरदीप गाबा, विजयभूषण गर्ग, ज्ञानी सुरैन सिंह, धीरेंद्र भट्ट, बॉबी टुटेजा, हरविंदर सिंह हरजी, विजय फुटेला, हिमांशु चंदोला आदि मौजूद थे।
