
शिमला। एक निजी बस में महिला के पर्स से शातिर जेवरात और सत्तर हजार नगद उड़ा कर ले गए। महिला को बस से उतरने के बाद चोरी का पता चला। महिला गहनों को बैंक के लॉकर में जमा करवाने के लिए ले जा रही थी। बस में भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने वारदात को अंजाम दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा कायम कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला अंजू भोटका नार्थ आक संजौली की रहने वाली हैं। सुबह करीब ग्यारह बजे यह संजौली से एक निजी बस में लक्कड़ बाजार की ओर जा रही थी। पर्स में हीरे की दो अंगुठियां, सोने के कंगन और अन्य जेवरात थे। जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। इसके अलावा पर्स में सत्तर हजार नगद भी थे। चोरों से बचने के लिए जेवरात लॉकर में जमा करवाने जा रही थी। लक्कड़ बाजार में बस से उतर कर पर्स देखा तो दंग रह गई किसी ने पर्स काटकर सारा कीमती सामान चुरा लिया था। पुलिस को अंदेशा है कि बाहरी राज्यों से इन दिनों भीख मांगने वाली महिलाओं की संख्या में इजाफा हुआ है। यह एक गिरोह है जो मौका देखकर भीड़ वाली जगहों पर घुस कर जेब काटकर फरार हो जाती हैं। लिहाजा पुलिस ने भी लोगों से आग्रह किया है कि इस तरह की महिलाओं से दूर रहें और पुलिस को संपर्क करें। डीएसपी सिटी पंकज शर्मा ने कहा कि शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।
