लाखों रुपये की चोरी के खुलेंगे राज?

भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के विभिन्न इलाकों में हुई चोरी की घटनाओं से क्या कभी पर्दा उठेगा? क्या चोर कानून के शिकंजे में आएंगे? हमीरपुर में हाल ही में चोरी के आरोप में दबोचे गए युवक और युवती के साथ घुमारवीं इलाके में हुई चोरी की घटनाओं के तार जुडे़ होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने भी इस पर कार्य करते हुए जांच आगे बढ़ाई है। गिरफ्तार किए युवक-युवती बिलासपुर जिले से संबंधित हैं। लिहाजा, पूछताछ के लिए घुमारवीं से पुलिस की एक टीम पूछताछ के लिए हमीरपुर रवाना हुई है।
बिलासपुर जिले के हरीत्लयांगर गांव के कमल राज और मधु को हमीरपुर पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। हमीरपुर के मंडखर नामक स्थान पर हुई दो लाख रुपये की चोरी में उन्हें आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों को चोरी के आरोप में पुलिस पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है। ऐसे में आशंका है कि यहां हुई विभिन्न चोरी की घटनाओं में भी उनका हाथ न हो। डीएसपी हमीरपुर शिव कुमार ने बताया कि हमीरपुर जिले में पिछले दिनों हुई चोरी के मामले में बिलासपुर जिले के हरीत्लयांगर गांव के राज कमल व मधु को गिरफ्तार किया है। इन दोनों से चोरी का कुछ सामान भी बरामद हुआ। उन्हाेंने बताया कि दोनों ही आरोपियों का पुराना रिकार्ड खंगाला जा रहा है। इधर, डीएसपी घमारवीं अंजनी जस्वाल ने बताया कि हमीरपुर में गिरफ्तार युवक और युवती से पूछताछ के लिए घुमारवीं से पुलिस टीम भेजी गई है। पुलिस को शक है कि यहां हुई चोरी की घटनाओं में उनका हाथ है। छानबीन के बाद ही असलियत का पता चल सकेगा।

Related posts