
धर्मशाला। उपायुक्त कांगड़ा सी पालरासु ने कहा कि पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में 24 अक्तूबर से आयोजित होने वाले दूसरे चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में नामी विदेशी और भारतीय फिल्म निर्देशक रोशन भी पहुंचेंगे। व्हाइट क्रेन आर्ट्स एंड मीडिया ट्रस्ट की ओर से आयोजित किया जाने वाला यह समारोह 27 अक्तूबर को समाप्त होगा। इसमें प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। उपायुक्त सी पालरासू ने आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि यह समारोह पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। समारोह में लास्टिंग के जैसिक बोरच, गुलाबी गैंग की निशिता जैन, द रॉकेट के सिल्विया विलजींस्की, क्रॉसिंग ब्रिजिज के सैंग दोरजी थोंगडोक, द स्ट्रेंज लिटिल कैट के रेमन जरकर जैसे निर्माताओं के भाग लेने की उम्मीद है। पालरासू ने कहा कि स्थानीय प्रशासन इस समारोह को सफल बनाने के लिए ट्रस्ट को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रहा है।
इस अवसर पर व्हाइट क्रेन आर्ट्स एंड मीडिया ट्रस्ट के संस्थापक रीतू सरीन और तेनजिंग सोनम ने कहा कि ट्रस्ट और समारोह की शुरूआत हिमालयन राज्य में समकालीन सिनेमा, कला तथा स्वतंत्र मीडिया पद्घतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। समारोह से क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले स्वतंत्र फिल्म निर्माण में मदद मिलेगी। इसमें करीब डेढ़ दर्जन फीचर फिल्मों एवं लघु वृत्तचित्रों को दिखाया जाएगा।
