
कुल्लू। 1913 को बनी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायसन के 200 साल पूरे होने पर शताब्दी समारोह बड़े धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि पहुंचे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने समारोह की शोभा बढ़ाई व स्कूज में अध्ययनरत करीब 1100 छात्र-छात्राओं की हौसलाफजाई की। मुख्यमंत्री का स्कूल प्रशासन व स्कूल प्रबंधन समिति ने पंरपरागत तरीके से स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्कूल की 100 साल पुरानी बिल्डिंग के डिस्मेंटल व सुरक्षा दीवार के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान एनएसएस के छात्र-छात्राओं के साथ स्कूल परिसर में पौधरोपण भी किया। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सतपाल नेगी ने कहा कि इस मौके पर स्कूल के पूर्व पांच छात्रों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। देव राज शर्मा, नरेंद्र आचार्य व केएल सूद सहित सभी पांचों पूर्व छात्रों की उम्र 70 साल से अधिक हैं। इसके अलावा स्कूल के पूर्व अध्यापक रहे टशी अंगरूप, बालक राम नेगी, जगदीश सूद, वीनी राम तथा रिगजिन को भी स्मृति चिन्ह व टोपी मफलर पहना कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सीएम ने स्कूल के बच्चों को धाम के लिए 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। शताब्दी समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं ने किन्नौरी, लाहुली व कुल्लवी नृत्य पेश कर खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम में सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक गोविंद सिंह ठाकुर तथा मनाली विकास मंच के अध्यक्ष धर्मवीर धामी, समिति के सदस्य शरभ नेगी, पोतम राम, सुरेश कुमार, राम कृष्ण, राजेंद्र ठाकुर, पीर चंद तथा भाग चंद सहित स्कूल का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।
