जमीन खरीद में स्थिति स्पष्ट करें कौल : ठाकुर

मंडी। जिला भाजपा अध्यक्ष जवाहर ठाकुर ने कहा कि एचपीसीए की जमीन को लेकर राजस्व मंत्री स्थिति स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि इस बारे में कांग्रेस के अन्य मंत्रियों और कार्यकर्ताओं की ओर से बयानबाजी हो रही है। लेकिन किसी संस्था को चलाने के लिए क्या निजी भूमि खरीदना गुनाह है। ऐसा है तो राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर बताए कि कांग्रेस नेताओं ने भी इस तरह की जमीनों की खरीद फरोख्त की है उस बारे में राज्य सरकार का क्या स्टैंड है? जवाहर ठाकुर ने इस बारे श्वेतपत्र जारी करने की भी मांग की। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की वजह से हिमाचल का नाम विश्व के मानचित्र पर उभरा है। कांग्रेस सरकार का दस माह का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। मंडी जिले में विकास कार्य ठप पड़े हैं। जिला से तीन-तीन मंत्री सरकार में है। कौल सिंह तो वरिष्ठ मंत्री ही नहीं बल्कि सीएम इन वेटिंग हैं। इसके बावजूद मंडी जिला लगातार विकास की दौड़ में पिछड़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार की उपलब्धियों को अपना बताने का बखान शैक्षिक संस्थाओं के समारोहों में किया जा रहा है। भारी बरसात के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में नुकसान हुआ है। राजस्व मंत्री के विधानसभा क्षेत्र द्रंग की सेगली पंचायत में इस बार भारी तबाही हुई है। लेकिन बाढ़ प्रभावितों की अभी तक मदद नहीं की। क्षतिग्रस्त सड़क और पुल की दशा सुधारने की ओर प्रदेश सरकार का ध्यान नहीं है। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री हेमपाल राणा, रणवीर सिंह, पंकज शर्मा, पंकज कपूर और चेत सिंह मौजूद रहे।

Related posts