
रुद्रपुर। गंगापुर रोड पर साइकिल सवार दो छात्रों की मौत के बाद ट्रैक्टर ट्राली में हुई तोड़फोड़ और आगजनी के मामले मेें पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए अज्ञात लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
शनिवार को गंगापुर रोड पर तपस्या विहार कालोनी निवासी रोहित उर्फ रिंकू (9) और तीनपानी निवासी रितिक तिवारी (10) की ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर मौत हो गई थी। दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। आग बुझाने का प्रयास कर रहे पुलिस कर्मियों से भी लोगों की नोकझोंक और हाथापाई हुई। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने सख्ती से पेश आते हुए लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। इधर इस मामले में पुलिस ने संजय नगर खेड़ा निवासी पाचो, दीपक, विनोद दास, सरलजीत विश्वास उर्फ मोरा, विजय यादव, हरेंद्र हालदार, सुरजन मंडल, गौतम सरकार, नरेश मंडल, अजीत शाह, सुशांत मंडल, रतनफार्म शक्तिफार्म नंबर चार निवासी डा.अजय राय, इंदिरा कालोनी गली नंबर छह निवासी नत्थूलाल उर्फ नीतिन गुप्ता व उसके भाई कैलाश गुप्ता के साथ ही करीब 250 लोगों पर 147, 149, 436, 336, 332, 353, 186, 341, 504, 506, 427 व आईपीसी 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल राकेश चंद्र थपलियाल ने बताया कि पाचो, दीपक, विनोद दास, सरलजीत विश्वास उर्फ मोरा व डा. अजय राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनको रिमांड मजिस्ट्रेट मनमोहन सिंह की अदालत में पेश किया। जहां से सभी को हल्द्वानी जेल भेज दिया गया। जबकि अन्य नौ लोगों की पुलिस तलाश करने के साथ ही अज्ञात लोगों की वीडियो रिकार्डिंग के जरिए पहचान करने में लगी हुई है।
