रुद्रपुर दंगे के दो आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। दो अक्टूबर 2011 में रुद्रपुर में हुए दंगों के मामले में सीबीसीआईडी के गिरफ्तारी वारंट जारी करने के बाद पुलिस ने कांग्रेसी नेता समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि भाजपा विधायक समेत पांच लोग पकड़ से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
दो अक्टूबर 2011 को रुद्रपुर में दंगा भड़क गया था। इस दौरान चार लोगों की मौत के साथ ही पांच दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। साथ ही करोड़ों की संपत्ति भी राख हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तब तत्कालीन जिलाधिकारी व एसएसपी को हटा दिया था। इस मामले में पुलिस ने करीब चार दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद और करीब डेढ़ सौ से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। यहीं नहीं बाद में कोर्ट के आदेश पर विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई अन्य के खिलाफ भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। बाद में रुद्रपुर दंगे की जांच शासन के आदेश पर सीबीसीआईडी को सौंप दी गई थी। सीबीसीआईडी की जांच के बाद विधायक राजकुमार ठुकराल, सीरगोटिया निवासी गुड्डू वेग, रम्पुरा वार्ड नंबर नौ निवासी विरमा कोली, भदईपुरा निवासी गजेंद्र सिंह मिस्त्री, इलाहाबाद बैंक वाली गली निवासी पंकज कालरा, रम्पुरा निवासी नत्थू लाल गुप्ता और सीरगोटिया निवासी सलीम के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था। इधर रविवार को पुलिस ने दंगे के वारंटी कांग्रेस नेता विरमा कोली और गजेंद्र सिंह मिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया है।
रिमांड मजिस्ट्रेट मनमोहन सिंह की अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में दोनों को हल्द्वानी जेल भेजने का आदेश दिया है। जबकि भाजपा विधायक समेत पांच लोग फरार बताए जा रहे हैं। एएसपी यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि पांच फरार है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी को दबिश दे रही है। गिरफ्तारी न होने पर उनके घरों की कुर्की की जाएगी।

Related posts